Preparations for Census 2027 intensify in Kotwa; three-day training for supervisors and enumerators begins.
![]() |
| Preparations for Census 2027 intensify in Kotwa; three-day training for supervisors and enumerators begins |
कोटवा, पूर्वी चम्पारण:भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब ज़मीनी स्तर पर तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कोटवा प्रखंड में जनगणना कार्य से जुड़े पर्यवेक्षक (Supervisors) और प्रगणकों (Enumerators) का प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से शुरू हो गया।
प्रखंड क्षेत्र स्थित शिवधर अनूठा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभा भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण का शुभारंभ बीडीओ सह जांच पदाधिकारी चिरंजीवी पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जनगणना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और कार्य को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 अप्रैल से 24 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए इसे तीन बैचों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बैच में तीन पालियों के माध्यम से करीब 135 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रखंड स्तर पर कुल 64 पर्यवेक्षक एवं 341 प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जाना है। इस दौरान उन्हें घर-घर जाकर डेटा संग्रहण, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, फार्म भरने की प्रक्रिया, और गोपनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर के रूप में कुमार लाल, सुरेन्द्र दास, भाग्यनारायण सिंह, प्रभात कुमार, मुन्ना कुमार एवं नीरज कुमार सिंह अपनी भूमिका निभा रहे हैं। ये प्रशिक्षक प्रतिभागियों को जनगणना के तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं।
प्रशासन का मानना है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

0 टिप्पणियाँ