Ticker

6/recent/ticker-posts

कोटवा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाइन होटल से 56 किलो डोडा अफीम बरामद, होटल सील।

 Major police action in Kotwa: 56 kg of poppy husk recovered from Line Hotel, hotel sealed.

Major police action in Kotwa: 56 kg of poppy husk recovered from Line Hotel, hotel sealed. 


लोकल पब्लिक न्यूज़ | पूर्वी चंपारण | कोटवा

लोकल पब्लिक न्यूज़/पूर्वी चंपारण कोटवा: थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित एक लाइन होटल में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित डोडा अफीम बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटवा के कदम चौक स्थित पंजाबी ढाबा में अवैध मादक पदार्थों के भंडारण और कारोबार की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर-2 डीएसपी के नेतृत्व में कोटवा थाना सहित कई थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल परिसर से दो बैगों में रखे लगभग 56 किलोग्राम डोडा अफीम, 140 ग्राम संदिग्ध तरल पदार्थ, नकद राशि तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया और परिसर को अपने कब्जे में ले लिया।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। उन्होंने बताया कि होटल संचालक अजीत सिंह फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि अजीत सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज रह चुका है।

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ