Ticker

6/recent/ticker-posts

फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने का निर्देश, पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर

 Instructions to expedite Farmer ID registration, special camps to be organised at Panchayat level . 

Instructions to expedite Farmer ID registration, special camps to be organised at Panchayat level 

लोकल पब्लिक न्यूज़/पूर्वी चंपारण कोटवा किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को प्रखंड के दीपऊ स्थित ई-किसान भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी मोनिका आनंद ने की। बैठक में सभी राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अंचलाधिकारी ने पंचायतवार फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

अंचलाधिकारी मोनिका आनंद ने बताया कि फार्मर आईडी किसानों की डिजिटल पहचान के रूप में कार्य करेगी। इससे किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों एवं किसान सलाहकारों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने तथा रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी देने का निर्देश दिया।

बैठक में पंजीकरण के दौरान सामने आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसानों का ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

अंत में अंचलाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ