Transgender dies in road accident, transgender community reaches Kotwa police station demanding action
![]() |
| Transgender dies in road accident, transgender community reaches Kotwa police station demanding action |
ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई थी चुलबुली किन्नर, इलाज के दौरान हुई मौत; समुदाय ने त्वरित प्राथमिकी और कार्रवाई की मांग की ।
लोकल पब्लिक न्यूज/पूर्वी चम्पारण/कोटवा: थाना क्षेत्र के राजापुर मठिया चौक के समीप एनएच-27 पर ट्रक की चपेट में आने से एक किन्नर की मौत हो गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित बख्शी कॉलोनी निवासी करीब 18 वर्षीय चुलबुली किन्नर के रूप में बताई गई है। घटना के बाद सोमवार को विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग कोटवा थाना पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
मृतका की गुरु आशियाना किन्नर की ओर से कोटवा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, चुलबुली किन्नर कोटवा थाना क्षेत्र के राजापुर मठिया चौक निवासी पप्पू यादव के यहां संचालित नाच पार्टी में काम करती थी। आवेदन में बताया गया है कि 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद चुलबुली राजापुर मठिया चौक स्थित एनएच-27 के पास टहलने निकली थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में चुलबुली गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय स्तर पर सूचना मिलने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद किन्नर समुदाय में शोक और आक्रोश का माहौल है।
कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचे दर्जनों किन्नर
मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न स्थानों से किन्नर समुदाय के लोग कोटवा थाना पहुंचे। समुदाय के लोगों ने पुलिस से घटना की जांच कर दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की है।
समुदाय के लोगों का कहना था कि सड़क हादसे में एक सदस्य की जान चली गई है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने कार्रवाई में कथित देरी होने की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल बताए जा रहे ट्रक संख्या HR 55 AB 5801 को जब्त कर लिया गया है। मृतका की गुरु आशियाना किन्नर द्वारा दिए गए आवेदन को प्राथमिकी दर्ज करने और अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया है।
थाना पहुंचे किन्नर समुदाय के लोगों में वैशाली से सपना किन्नर, रानी किन्नर, माला किन्नर एवं लालन किन्नर, मुजफ्फरपुर से शिल्पा किन्नर, छौड़ादानो से काजल किन्नर, अरेराज से चूसी किन्नर तथा मोतिहारी से गुड़िया किन्नर और पूजा किन्नर सहित दर्जनों किन्नर समुदाय के लोग कोटवा थाना पहुंचे थे।
मामले को लेकर पुलिस निरीक्षक सुरेश यादव ने बताया कि घटना के संबंध में प्राप्त आवेदन को अग्रेतर कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की नियमानुसार जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ