Police crack down after deaths due to spurious liquor, raids at several locations.
![]() |
| Police crack down after deaths due to spurious liquor, raids at several locations |
लोकल पब्लिक न्यूज़/मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में बुधवार की रात स्प्रिट से बनी कथित जहरीली शराब पीने से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग 15 लोग गंभीर रूप से बीमार बताए गए हैं, जिनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई है। कई युवकों समेत प्रभावित लोगों का इलाज सदर अस्पताल और अन्य चिकित्सालयों में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है और मुख्य आरोपी नागा राय को हिरासत में लिया है।
जहरीली शराब से हो रही लगातार मौतों को गंभीरता से लेते हुए कोटवा थाना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी कड़ी में थाना क्षेत्र के दीपऊ धंगरटोली, कररिया बिनटोली, मच्छरगवा मुसहरटोली एवं मर्दहटिया बाजार में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 75 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। इसके साथ ही मौके पर ही लगभग 450 लीटर अर्धनिर्मित शराब को नष्ट कर दिया। ,
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान राजन मुखिया (पिता– बाबूलाल मुखिया, निवासी– जगिर कररिया) और मंटू कुमार यादव (पिता– सुखल यादव, निवासी– मछरगावा) के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी ओर, कोटवा बाजार स्थित आशीष मेडिकल स्टोर में भी पुलिस ने छापेमारी कर 2.16 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में उपेन्द्र कुमार (पिता– रघो राय, निवासी– राजापुर) एवं अभिषेक कुमार (पिता– अम्बिका राय, निवासी– दीपऊ) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या शराबियों द्वारा उत्पात मचाने की सूचना तुरंत पुलिस को दे। आपकी सतर्कता ही किसी बड़ी घटना को रोक सकती है।

0 टिप्पणियाँ