Road accident in Motihari: BCA student dies after being hit by a school bus, police struggle to control the commotion
![]() |
| Road accident in Motihari: BCA student dies after being hit by a school bus, police struggle to control the commotion |
लोकल पब्लिक स्कूल/मोतिहारी: शहर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में LND कॉलेज के BCA छात्र अभिषेक कुमार की मौत हो गई। परीक्षा देने आए छात्र को एक स्कूल बस ने टक्कर मार दी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और छात्रों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। हालात को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह हादसा नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल चौक के पास LND कॉलेज के सामने सुबह करीब 7 बजे हुआ। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के विजय सिंह कटहरा निवासी अभिषेक कुमार परीक्षा देने मोतिहारी आया था। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार स्कूल बस ने उसे कुचल दिया।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वीआईपी दौरे को लेकर की गई बैरिकेडिंग के बीच बस अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हुआ।
मृतक के साथियों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। वे खुद घायल अभिषेक को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी इलाज में देरी हुई। आरोप है कि काफी देर बाद ऑक्सीजन दी गई और समय पर उपचार नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई।
अभिषेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पिता किसान हैं और एक छोटी बहन है। वह मोतिहारी में रहकर BCA की पढ़ाई कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और छात्र भड़क उठे। उन्होंने कॉलेज गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मौके पर भावुक दृश्य देखने को मिला—मृतक की मां रो-रोकर न्याय की मांग करती रही, वहीं छोटी बहन शव के पास बैठकर वाहनों को रोकती रही।
पुलिस से नोकझोंक
सूचना मिलते ही एसपी और डीएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। जब पुलिस ने सड़क खाली कराने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और बल प्रयोग किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस चालक और अस्पताल प्रशासन की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद शहर के कुछ हिस्सों में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
वीआईपी दौरे के बीच हुआ बवाल
यह घटना उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मोतिहारी दौरे पर थे। वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे।
हादसे और प्रदर्शन के कारण प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा।

0 टिप्पणियाँ