भूमि विवाद और दाखिल-खारिज की समस्याओं को लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे विधायक
![]() |
अंचल कार्यालय पहुंचे (विधायक कल्याणपुर) मनोज कुमार यादव। |
पूर्वी चम्पारण/कोटवा: अंचल क्षेत्र में बढ़ते भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान को लेकर कल्याणपुर विधायक मनोज कुमार यादव बुधवार को अंचल कार्यालय पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में फरियादी भी अपनी शिकायतें लेकर वहां पहुंचे।
समस्याओं के समाधान के लिए सख्त निर्देश
विधायक ने अंचलाधिकारी मोनिका आनंद से मुलाकात कर आम जनता की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से लोगों को परेशान करने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
समाधान शिविर का आयोजन होगा
विधायक ने घोषणा की कि वे स्वयं अंचल कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याओं को सुनेंगे और समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि वे किसी कारणवश उपस्थित नहीं रह पाए, तो उनके प्रतिनिधि शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाएंगे।
दाखिल-खारिज प्रक्रिया में रिश्वतखोरी का आरोप
डुमरा पंचायत के लक्ष्मण कुमार ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय के कर्मचारी नीतीश कुमार ने दाखिल-खारिज कराने के लिए पहले ₹5000 लिए थे, लेकिन अब ₹3000 और मांगे जा रहे हैं। महीनों से चक्कर लगाने के बावजूद उनका काम नहीं हुआ।
अंचलाधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार
जब इस संबंध में अंचलाधिकारी मोनिका आनंद से पूछा गया, तो उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाद संख्या 889/2024-2025 में देव सुनर देवी, पति रामस्वरूप पंडित की आपत्ति दर्ज होने के कारण मामले की जांच जारी है।
विधायक ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश
विधायक मनोज कुमार यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
0 टिप्पणियाँ