Grand unveiling of the statue of Baba Saheb Ambedkar in Kotwa, East Champaran, leaders stressed on saving the Constitution and imbibing his thoughts.
![]() |
Grand unveiling of the statue of Baba Saheb Ambedkar in Kotwa, East Champaran, leaders stressed on saving the Constitution and imbibing his thoughts. |
लोकल पब्लिक न्यूज़ (बिहार) पूर्वी चम्पारण कोटवा प्रखंड अंतर्गत मच्छरगांवा पंचायत के आंबेडकर नगर, सोबैया टाली में मंगलवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर यादव, विधायक मनोज कुमार यादव, मेयर प्रीति गुप्ता, पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद, पूर्व विधायक राजेंद्र राम सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया। सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर यादव ने विधायक मनोज कुमार यादव की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा, "बाबा साहब की प्रतिमा हर ग्राम पंचायत, हर गांव और हर घर में स्थापित होनी चाहिए। कुछ ढोंगी, पाखंडी और नफरत फैलाने वाले लोग साजिश के तहत बाबा साहब के विचारों को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दुनिया उन्हें ज्ञान का प्रतीक मानती है।" उन्होंने बाबा साहब को इंसानियत का देवता बताते हुए कहा कि उनके विचारों को समझने वाला व्यक्ति दोस्त और दुश्मन की पहचान कर सकता है।
डॉ. चंद्रशेखर ने मनु स्मृति की खामियों को उजागर करते हुए संविधान और मनु स्मृति के बीच अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने शिक्षा को समाज के अंधकार को दूर करने का सबसे शक्तिशाली हथियार बताया। साथ ही, मनुवादी व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव को मनुवादी व्यवस्था को चुनौती देने के कारण ही केस में फंसाकर जेल भेजा गया।
विधायक मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब के विचारों को अपनाकर ही अमीरी-गरीबी के फर्क को समझा जा सकता है। उन्होंने बहुजन समाज से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। विधायक ने चेतावनी दी कि संविधान को खत्म करने की कोशिश करने वालों को बहुजन समाज करारा जवाब देगा। उन्होंने घोषणा की, कि कोटवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के शिलान्यास के अवसर पर बाबा साहब की एक और प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पूर्व मंत्री डॉ. शमीम अहमद ने कहा, "बाबा साहब किसी एक जाति या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरे समाज के हैं। कुछ लोग उन्हें जाति-पाति के दायरे में बांधने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे हम कभी सफल नहीं होने देंगे। संविधान को बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा।"
सभा की अध्यक्षता करते हुए भोली राम ने विधायक मनोज कुमार यादव को "चंपारण का अंबेडकर" और "विकास पुरुष" की संज्ञा दी। उन्होंने विधायक के विकास कार्यों की सराहना की। सभा में बुद्ध, पेरियार रामास्वामी नायकर, सावित्रीबाई फुले और संत रविदास जैसे समाज सुधारकों के चित्र प्रदर्शित किए गए थे और उनके विचारों को आत्मसात करने पर जोर दिया गया।
सभा को मेयर प्रीति गुप्ता, पूर्व विधायक राजेंद्र राम, सत्य शरण यादव, पूनम देवी, सुरेश सहनी, संजय निराला सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मनोज मुखिया, मो. जमालुद्दीन, सोनालाल राम, राजू राम, मुकेश राम, मनोज राम, संजय राम, अरुण कुशवाहा, अवधेश यादव, पप्पू राज, अनिल दास, सत्यम कुमार, सुनील दास सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
यह समारोह न केवल बाबा साहब के प्रति सम्मान का प्रतीक था, बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने का संदेश भी देता है। शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा।
0 टिप्पणियाँ