Three arrested for stealing buffalo and transporting it in a magic vehicle; buffalo and vehicle recovered
![]() |
| Three arrested for stealing buffalo and transporting it in a magic vehicle; buffalo and vehicle recovered |
लोकल पब्लिक न्यूज/पूर्वी चंपारण/ भोपतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध अवस्था में एक मैजिक वाहन को रोककर जांच की। वाहन में एक भैंस लदी हुई थी और उस पर तीन लोग सवार थे। संदेह होने पर पुलिस वाहन को थाने ले आई और उसमें सवार तीनों लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही भैंस के संबंध में सत्यापन कराया गया।
पूछताछ एवं सत्यापन के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद भैंस चोरी की है। पूछताछ में पकड़े गए लोगों में से एक ने पुलिस को बताया कि उक्त भैंस को केसरिया थाना क्षेत्र के बैसाखवा गांव निवासी भिखारी कुमार यादव, पिता बालेश्वर यादव के घर से चोरी कर मैजिक वाहन के जरिए ले जाया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भैंस के मालिक को थाने बुलाया। सूचना पर भिखारी कुमार यादव थाना पहुंचे और बरामद भैंस की पहचान की। उन्होंने पुलिस को बताया कि यह भैंस उनकी है और उसी रात उनके घर से चोरी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है। इनमें हैदर हुसैन (32 वर्ष के करीब), पिता सेराज हुसैन, जो मैजिक वाहन का चालक बताया गया है, किशन कुमार (करीब 16 वर्ष), पिता फागुनी महतो, दोनों निवासी बैसाखवा तथा मनु कुमार (करीब 20 वर्ष), पिता राजू साह, निवासी ग्वांदरी शामिल हैं। तीनों थाना केसरिया क्षेत्र, जिला पूर्वी चंपारण के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक मैजिक वाहन और एक भैंस बरामद की है। बरामद भैंस की पूंछ टूटी हुई बताई गई है।
फिलहाल पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

0 टिप्पणियाँ