Kotwa-Machhargaon-Areraj main road is dilapidated, potholes are formed everywhere.
![]() |
| बारिश के बाद सड़क पर जमा हो रहा पानी, ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर मरम्मत की मांग की |
लोकल पब्लिक न्यूज/पूर्वी चम्पारण बिहार।
कोटवा प्रखंड क्षेत्र के कोटवा पानी टंकी (देवी स्थान) से मच्छरगांवा होते हुए अरेराज जाने वाली प्रमुख सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने कोटवा प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर सड़क का निरीक्षण कराने तथा शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
कररिया जागीर निवासी संदीप कुमार द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि कोटवा पानी टंकी (देवी स्थान) से मच्छरगांवा होते हुए अरेराज जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पैदल और विभिन्न वाहनों से आवागमन करते हैं। सड़क लंबे समय से खराब रहने के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है।
कल्याणपुर उच्च विद्यालय के पास स्थिति ज्यादा खराब
ग्रामीणों के अनुसार कल्याणपुर राजकीय उच्च विद्यालय के समीप सड़क की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जलजमाव के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है और कई बार वाहन चालक गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, मजदूरों तथा अन्य लोगों का आवागमन होता है। सड़क खराब होने के कारण विशेष रूप से स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग प्रखंड कार्यालय समेत आसपास के विभिन्न गांवों और प्रमुख स्थानों को जोड़ता है, इसलिए इसकी मरम्मत आवश्यक है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का स्थल निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
जांच के लिए विभाग को भेजा जाएगा आवेदन
इस संबंध में बीडीओ चिरंजीवी पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामले की जांच के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ